Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में जॉब सिक्योरिटी के बाद HKRN कर्मचारियों पर संकट: रोहतक में 10 कर्मी हटाए, 5 साल अनुभव की शर्त में फंसे

हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत 5 साल से कम अनुभव वाले कर्मियों की नौकरी पर फिर संकट दिख रहा है। रोहतक में सिंचाई विभाग में HKRN के तहत क्लास-सी के 8 व ग्रुप-डी के 2 कर्मचारियों को हटाने के निर्देश जारी हो गए। कर्मियों को यह कहकर हटाया जा रहा है कि उनकी सर्विस 5 साल से कम है। हरियाणा सरकार ने HKRN कर्मियों की नौकरी को सेवा सुरक्षा गारंटी के तहत सुरक्षा देने की घोषणा की है। हालांकि इसमें 5 साल का सेवा अनुभव पूरा करने की शर्त है। इसकी नोटिफिकेशन जारी हो चुकी है।मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री रहते 1 नवंबर 2021 को HKRN गठन की घोषणा की थी। इसका मकसद ठेकेदारी व आउटसोर्सिंग प्रणाली की जगह अधिक पारदर्शी व मेरिट आधारित प्रक्रिया लागू करना है।

प्रदेश में 3 लेवल पर करीब 1.20 लाख कर्मी HKRN के तहत लगे हुए हैं। हालांकि यह आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है कि इनमें से 5 साल से कम अनुभव वाले कितने हैं। इसी बीच, 5 साल से कम अनुभव वाले कर्मियों को हटाने का रोहतक में निर्देश जारी होने के बाद कर्मचारियों में खलबली मच गई है।

19 अगस्त को रोहतक में सिंचाई विभाग XEN के हस्ताक्षर वाला लेटर सामने आया। जिसमें लिखा गया कि HKRN और आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-2 के तहत लगे निम्न कर्मियों को सर्विस से रिलीव किया जाता है। इसमें फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट प्रिंसिपल को फॉलो किया गया है। HKRN के तहत लगे जिन कर्मचारियों को 5 साल से कम समय हुआ है, उन्हें हटाया गया है। उनमें ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर कम पंप ऑपरेटर, टेलीफोन ऑपरेटर, कारपेंटर, फील्डमैन, स्वीपर कम चौकीदार शामिल हैं।

रोहतक सिंचाई विभाग के XEN राजेश भारद्वाज ने कर्मी हटाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उन 10 कर्मचारियों को हटाने के निर्देश दिए हैं, जिन्हें नौकरी करते हुए 5 साल से कम समय हुआ है। इन्हें वैकेंट पोस्ट पर लगाया गया था, जिन पर पक्के कर्मचारी आ गए हैं। सरकार जैसे आदेश करेगी, वैसे ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.I

Exit mobile version