Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बदमाशों ने पुलिस पर बरसाईं गोलियां, ASI केशव दहिया बाल-बाल बचे: गैंगस्टर सुक्खा के राइट हैंड के मर्डर केस में 3 आरोपी गिरफ्तार


चंडीगढ़ में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली एएसआई केशव दहिया की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी 2 राउंड फायर किए और घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी धीरज कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी अजय कुमार उर्फ जोबन और प्रभजोत समेत तीन लोगों के रूप में हुई है। ये आरोपी कपूरथला के चर्चित गोपी निज्जर हत्याकांड में फरार चल रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक जिगाना पिस्टल, एक ग्लॉक पिस्टल और एक .32 बोर पिस्टल बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक ऑपरेशन सेल को सूचना मिली थी कि गोपी निज्जर मर्डर केस में वांछित आरोपी सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 7 राउंड गोलियां चलीं। हालांकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सबूत कब्जे में लिए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

सूत्रों के अनुसार आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और कई संगीन मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके गैंग नेटवर्क और संभावित आपराधिक योजनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

कौन था सुक्खा काहलवां?

सुक्खा काहलवां पंजाब के कपूरथला जिले के काहलवां गांव का कुख्यात गैंगस्टर था। उस पर हत्या, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग, फिरौती और लूटपाट समेत 48 से अधिक केस दर्ज थे। वर्ष 2015 में फगवाड़ा में विक्की गौंडर गैंग ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सुक्खा की मौत के बाद गोपी निज्जर ने गैंग की कमान संभाली थी। गोपी पर भी हथियार तस्करी, फिरौती और कई गंभीर मामलों के आरोप थे। हाल ही में उसकी हत्या के बाद पंजाब के गैंगस्टर नेटवर्क में हलचल तेज हो गई थी।

Exit mobile version