Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

यमुनानगर में 5 करोड़ कि फिरौती माँगने वाला बदमाश ढेर: बुधवार अलसूबह यमुनानगर पुलिस ने एनकाउंटर में किया दहशतगर्द का सफाया

हरियाणा के यमुनानगर में बुधवार सुबह पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। रटौली रोड पर पुलिस बदमाश को पकड़ने लगी तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें बदमाश ढेर हो गया। बदमाश की पहचान भीम के रूप में हुई है। वह नोनी राणा गैंग से जुड़ा हुआ था।

भीम पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। भीम ने पिछले दिनों यमुनानगर में अपने साथी के साथ मिलकर 2 कारोबारियों के घर पर फायरिंग की थी। उसके साथी को पहले एनकाउंटर में पुलिस ने पकड़ लिया था। भीम की धरपकड़ के लिए टीमें लगी हुई थीं।

रटौली से सुढैल रोड पर पुलिस को सूचना मिली कि एक बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पहले से ही बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर मौके पर पहुंची थी। बदमाश ने फायरिंग की। CIA-1 और 2 के इंचार्ज की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी। पुलिस ने भी कई राउंड फायर किए, जिसमें बदमाश ढेर हो गया।

बदमाश की पहचान आजाद नगर निवासी भीम के रूप में हुई है, जो नोनी राणा गैंग से जुड़ा हुआ था। एनकाउंटर के बाद कमलदीप गोयल सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और तथ्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से मना कर रही है। बदमाश के शव को सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखवा दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, भीम नोनी राणा गैंग का सक्रिय सदस्य था, जो यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में हत्या, फिरौती और शराब के अवैध कारोबार जैसे अपराधों में शामिल था। भीम पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, लूट और अवैध हथियार रखने के आरोप शामिल थे। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से प्रयास कर रही थी।

Exit mobile version