हरियाणा के रोहतक जिले में महम के पास शनिवार रात को गौ रक्षकों ने एक कैंटर को पकड़ा। कैंटर में 7 गाय और एक बछड़ा मिला। कैंटर में पीछे बैठे दो शख्स और ड्राइवर से इस बारे में पूछा तो उन्होंने गायों की तस्करी करने के बारे में कबूलनामा किया। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल को दी गई।

सूचना मिलते ही ‌सहगल मौके पर पहुंचे व कैंटर समेत पकड़े गए तीनों तस्करों को थाने ले जाया गया। बरामद 7 गायों व बछड़े को गौशाला छुड़वाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों तस्करों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिले में पिछले एक माह के अंदर गायों की तस्करी के 10 से अधिक मामले पकड़े जा चुके हैं। अधिकतर तस्करी हिसार और सिरसा जिले की तरफ से हो रही है।

महम थाना पुलिस को दी शिकायत में सीसरखास गांव निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह हरियाणा गोरक्षा दल का जिलाध्यक्ष है। शनिवार रात करीब दो बजे वह अपने साथियों के साथ रोहतक-हिसार हाईवे पर महम के नजदीक था। तभी सूचना मिली कि एक कैंटर में गायों को भरकर कत्लखाने लेकर जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कैंटर की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद कैंटर आता हुआ दिखाई दिया।

जिसे उन्होंने रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कैंटर को भगाने की कोशिश की। टीम ने पीछा करके कैंटर को पकड़ लिया। जिसमें चालक समेत तीन लोग सवार थे। चालक की पहचान सिरसा जिले के सक्ताखेड़ा गांव निवासी विनोद कुमार और आशीष के रूप में हुई है। जबकि तीसरे आरोपी की पहचान पंजाब के तरनतान जिले के गहरी गांव निवासी गुरजंट सिंह के रूप में हुई।

पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि गायों को पंजाब से आगरा के कत्लखाने में लेकर जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा गोवंश संरक्षण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!