Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में फिर गौ तस्कर पकड़े – कैंटर में ठूंस-ठूंसकर भरी 20 गायें ले जा रहे थे नूंह; पुलिस ने जानवरों को पहुंचाया गौशाला, एक माह में 8वां मामला

हरियाणा के रोहतक जिले में पंजाब से गायों की तस्करी करके नूंह ले जा रहे कैंटर को गोरक्षा दल के सदस्यों ने पकड़ लिया। कैंटर से 20 गाय बरामद की गईं, जिन्हें गौशाला में छुड़वा दिया गया है। मौके से पंजाब के बठिंडा जिले के दो तस्करों को भी पकड़ा गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में सांपला के वार्ड-11 निवासी तरुण ने बताया कि वह अपने दोस्त गौरव के साथ रोहतक से सांपला आ रहा था। इसी बीच रास्ते में एक कैंटर पर शक हुआ तो उन्होंने कैंटर रुकवा लिया। तलाशी लेने पर कैंटर के अंदर 20 गाय मिलीं, जिन्हें ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। गौरक्षा दल के सदस्यों ने कैंटर में सवार दो लोगों को पकड़ लिया, जिनकी पहचान बठिंडा जिले के नई प्यावला गांव निवासी गुरप्रीत और बलविंद्र के रूप में हुई।

मामले की जानकारी मिलते ही सांपला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीनियर डिप्टी मेयर राजू सहगल भी वहां पहुंचे। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गायों को तस्करी करके पंजाब से नूंह ले जाया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा गौ संरक्षण अधिनियम और पशु क्रुरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने गायों को गौशाला पहुंचा दिया।

गौ तस्करी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। दो दिन पहले महम पुलिस ने भी गोवंश पकड़ा था। हालांकि आरोपी चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। कैंटर में 14 पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भर रखा था, जिसमें से दो गायों की मौत हो गई वहीं अन्‍य को बचा लिया गया है। पुलिस अभी तक चालक को नहीं पकड़ सकी है। पिछले एक माह में इस तरह के 8 मामले पकड़े जा चुके हैं।

Exit mobile version