Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में गौ रक्षकों ने पकड़ा मास से भरा पिकअप:5 क्विंटल मास लेकर सिरसा से जा रहे थे दिल्ली, 2 तस्कर काबू

रोहतक में गौ रक्षा दल के सदस्यों ने मास से भरा पिकअप पकड़ा है। जिसमें करीब 5 क्विंटल पशु मास बरामद हुआ है। जिसके साथ 2 तस्करों को भी काबू किया है। आरोपी गाय के मास को लेकर सिरसा से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर गौ रक्षकों ने महम में पीछा करके पिकअप को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

गौ रक्षा दल के सदस्य महम के अशोक नगर निवासी सतपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया 29-30 दिसंबर की रात को वे टीम के साथ महम में मौजूद थे। उनके साथ वार्ड 10 निवासी दीपक, गांव किशनगढ़ निवासी सुनील कुमार आदि महम के शुगर मिल के पास हाईवे पर थे। उन्हें सिरसा से सूचना मिली कि नीले रंग की उत्तर प्रदेश की पिकअप में गाय का मास भरा हुआ है। जो सिरसा से दिल्ली की तरफ जा रही है।

इस सूचना पर गौ रक्षा दल की टीम ने हाईवे पर निगरानी रखनी आरंभ कर दी। इसी दौरान नीले रंग की पिकअप (जैसी सूचना मिली थी) दिखाई दी। चालक द्वारा काफी लापरवाही से गाड़ी को चलाया जा रहा था। गाड़ी रुकवाने का ईशारा किया तो चालक ने पिकअप को गौ रक्षा दल के सदस्यों की तरफ मोड़ दिया और फिर भगा ली। इसकी सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस की मदद से पिकअप का पीछा करके उसे पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि पिकअप सवार चालक व एक साथी को काबू किया। वहीं पिकअप में करीब 5 क्विंटल पशु का मास था। चालक की पहचान मेरठ की चुंगी वाली गली निवासी जान मोहम्मद व मुजफ्फरनगर निवासी शहजाद के रूप में हुई। आरोपी गाय के मीट को तस्करी करके दिल्ली लेकर जा रहे थे। जिन्हें रास्ते में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

महम थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि रात को दो आरोपी तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। जिनके खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण और गौसंवर्धन अधिनियम 2015 के तहत मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। वहीं आरोपियों को अदालत में पेश करके आगे की कार्रवाई की जाएगी

Exit mobile version