Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में गोरक्षा दल ने पकड़ा गोवंशों से भरा कैंटर: पंजाब से 9 पशुओं को नूंह ले जा रहे थे, 2 तस्करों को भी किया काबू

रोहतक में गो रक्षा दल व गो पुत्र सेना ने गोवंशों से भरा कैंटर पकड़ा है। जिसमें 6 गायों सहित कुल 9 गोवंश ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। वहीं 2 तस्करों को भी काबू किया गया है। वह पंजाब से गावंशों को लेकर आए थे और नूंह में लेकर जा रहे थे। बीच रास्ते में मदीना टोल के पास उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गोवंश को मोखरा रोड स्थित गोशाला में छोड़ा गया है।

गो रक्षा दल के सदस्य रोहतक के डेयरी मोहल्ला निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार को वह अपने साथी रविंद्र व दीपक के साथ मदीना टोट के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर का एक आइसर कैंटर काफी तेज गति में जा रहा है। जिसके ऊपर तिरपाल लगा हुआ है।

आइसर कैंटर महम की तरफ से आ रहा था। जिसमें गाय भरी होने का संदेह हुआ। जिसके कारण उन्होंने चेक करने का निर्णय लिया। कुछ समय बाद कैंटर वहां पर आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का इशारा किया। वहीं मदीना टोल के पास बैरिकेड्स लगाकर कैंटर को रोका, लेकिन कैंटर चालक व परिचालक ने भागने का प्रयास किया।

इधर, गो रक्षा दल के सदस्यों ने कैंटर चालक को पकड़ा जिसकी पहचान पंजाब के जिला फाजिल्का के पट्‌टी बिल्ला निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई। वहीं दूसरे व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की तो उसका नाम पंजाब के जिला फाजिल्का के सच्पनवाली निवासी मुख्तयार सिंह के रूप में हुई। जो खुद को व्यापारी बता रहा था।

सोनू ने बताया कि जब उन्होंने तिरपाल हटाकर देखा तो कैंटर में पशु ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। गिनती करने पर कैंटर में 6 गाय, 2 सांड व एक बैल मिले। जिन्हें पंजाब के कोट कपूरा से लेकर आए थे और गोकशी के लिए नूंह लेकर जा रहे थे। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों गिरफ्तार करके कार्रवाई आरंभ कर दी है। वहीं आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version