Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में वकील के चैंबर में चोरी करने वाले चचेरे भाई; पेशी पर गया था वकील, पुलिस ने दोनों को पकड़ा

रोहतक में कोर्ट स्थित वकील के चैंबर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी उस समय हुई जब वकील पेशी पर गया हुआ था। वहीं पीछे से 2 चचेरे भाइयों ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में शामिल गांव खिड़वाली निवासी दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।

वकील संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह पेशी पर गया हुआ था। जब पेशी से वापस आया तो चैंबर से सामान चोरी हो चुका था। उसके चैंबर से म्यूजिक सिस्टम व सफेद रंग की जैकेट गायब थी। उन्होंने बताया था कि शाम को एक अज्ञात व्यक्ति चैंबर पर आया हुआ था।

उन्होंने शक के आधार पर आरोपी को पकड़कर उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम गांव खिड़वाली निवासी कुलदीप बताया। उसने अपने ताऊ के लड़के प्रदीप व दोस्त सुधीर के भी इस चोरी में शामिल होने की बात कही। सुधीर व प्रदीप नीचे खड़े थे। जब उन्हें पकड़ने के कोशिश की तो वे मौका पाकर भाग गए।

आर्य नगर पुलिस थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि वकील संदीप की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी थी। जांच के दौरान चोरी की वारदात में शामिल गांव खिड़वाली निवासी प्रदीप और कुलदीप को गिरफ्तार किया है। दोनों आपस में चचेरे भाई हैं।

Exit mobile version