Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक मे सड़क हादसे में चचेरे भाइयों की मौत

हरियाणा के रोहतक जिले में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मोमन फरीदपुर गांव के दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक टाटा मैजिक से भाड़ा ढोने का काम करते थे और मुरथल की ओर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय दुष्यंत पुत्र मूलचंद और 20 वर्षीय निशांत पुत्र मंजू गांव मोमन फरीदपुर निवासी थे। दोनों भाई टाटा मैजिक पर भाड़ा ले जाने का कार्य करते थे। शनिवार सुबह वह सामान लेकर मुरथल हरियाणा जा रहे थे। जैसे ही वह रोहतक के खरावड़ क्षेत्र पहुंचे, अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मैजिक को काटकर दोनों के शव बाहर निकाले और पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को मौके से मिले दस्तावेजों और आधार कार्ड के आधार पर युवकों की पहचान की गई और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। शनिवार दोपहर बाद जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे, तो भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में दो जवान बेटों की एक साथ अर्थी उठने से हर आंख नम हो गई। शोकाकुल माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Exit mobile version