Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भिवानी के बिजली दफ्तर से दंपती को धक्के मारकर निकाला:बिल की शिकायत लेकर पहुंचे थे, कर्मी बोले- अंदर कैसे आए, धक्कामुक्की से गिरी महिला का टूटा पैर

भिवानी में बिजली का बिल ठीक कराने के लिए निगम कार्यालय गए एक दंपती के साथ बिजली कर्मियों ने बदसलूकी की। इतना ही नहीं कर्मचारियों ने दंपती को कार्यालय से बाहर निकालने के लिए धक्के भी मारे। इस दौरान धक्का लगने से महिला नीचे फर्श पर गिर गई। गिरने के कारण महिला की टांग में फ्रेक्चर आ गया। महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सिटी थाना पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

भिवानी की डाबर कालोनी में रहने वाली इंदू देवी व उसके पति रमेश ने बताया कि तीन महीने पहले उनके घर पर बिजली निगम का कर्मचारी मीटर रीडिंग लेने के लिए आया था। उसने पार्टी मांगी। महिला ने कहा कि हम पार्टी किस बात की दें। महिला ने बताया कि उसके बाद उनके घर बिजली बिल भेजना बंद कर दिया। वे बिजली निगम के दफ्तर में गए और वहां डूप्लीकेट बिल लिया तो वह 16 हजार रुपए का बना।

 महिला इंदू ने बताया कि शनिवार को वह अपने पति रमेश के साथ रेलवे स्टेशन के समीप स्थित बिजली निगम कार्यालय में अपने बिजली बिल को ठीक करवाने के लिए गई। महिला ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि शनिवार की छुट्टी है। नीचे खड़े व्यक्ति ने उन्हें बिजली निगम कार्यालय में ऊपर वाली मंजिल पर भेज दिया। वह वहां खाली पड़ी सीट की वीडियो बनाने लगी। अचानक 3 कर्मचारी उठकर आए। तीनों ने शराब पी रखी थी।

महिला ने आरोप लगाया कि वे कर्मचारी उसके पति के साथ बदसलूकी करने लगे। उसके पति और उसे जबरन धक्के मारकर भगाने लगे। इस दौरान उन्हें गालियां भी दी। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों द्वारा धक्का मुक्की करने पर वह फर्श गिर गई। दोनों पति-पत्नी ने उस समय डायल 112 पर फोन कर पुलिस टीम मौके पर बुलाई, लेकिन डायल 112 ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। बिजली निगम कार्यालय में महिला के पति को बिजली कर्मचारी धक्के मार रहे हैं और उसकी पत्नी इंदू वीडियो बना रही है।

इस दौरान बिजली कर्मचारी भी वीडियो बना रहे। महिला को बाद में भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला ने बताया कि उसकी एक टांग में फ्रेक्चर आया है। घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

Exit mobile version