Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बनेगा देश का पहला डिज्नीलैंड पार्क:केंद्र ने दी मंजूरी; गुरुग्राम में भूमि को चिह्नित किया, CM बोले- इससे पर्यटन बढ़ेगा

हरियाणा में देश का पहला डिज्नीलैंड पार्क बनने जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से इसकी मंजूरी दे दी गई है। दिल्ली दौरे के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर आभार प्रकट किया। सीएम सैनी ने इस मुलाकात के बाद कहा, डिज्नीलैंड जैसे प्रोजेक्ट से हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मौजूदा दौर में हरियाणा कृषि अर्थव्यवस्था से आगे निकल कर विकास के नए पथ पर कदम रख रहा है। सीएम ने इस दौरान एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा, इस साल से अब साल में तीन बार सूरजकुंड मेला मनाया जाएगा।

सीएम नायब सैनी ने कहा, हरियाणा के गुरुग्राम में कई फॉर्च्यून कंपनियों के मुख्यालय हैं और यह राज्य की अर्थव्यवस्था में अधिकतम योगदान देता है। गुरुग्राम की आगामी ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट की स्थापना इस क्षेत्र में एक और उपलब्धि होगी। इसलिए प्रस्तावित डिज्नीलैंड प्रोजेक्ट के लिए गुरुग्राम सबसे आदर्श स्थान होगा। इस परियोजना के लिए पचगांव चौक के पास मानेसर, जिला गुरुग्राम में भूमि को चिह्नित किया है।

यह स्थल कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे और हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर पर स्थित है। यह परियोजना हरियाणा के आर्थिक विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और साथ में डिज्नीलैंड अगर भारत में अपना प्रोजेक्ट स्थापित करता है तो इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक भी भारत में आयेंगे और देश एवं प्रदेश के राजस्व में बढ़ोतरी होगी।

भारत में अभी कोई आधिकारिक डिज्नीलैंड पार्क नहीं है। हालांकि, नवी मुंबई में एक डिज्नीलैंड-प्रेरित मनोरंजन पार्क बनाने की योजना है, जो भारत का सबसे बड़ा थीम पार्क होने वाला है। इसके अलावा, हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में भी 500 एकड़ में डिज्नीलैंड बनाने की योजना है। हरियाणा सरकार एनसीआर क्षेत्र में 500 एकड़ भूमि पर एक भव्य डिज्नीलैंड बनाने की योजना की घोषणा पहले ही कर चुकी है। यह परियोजना हरियाणा के पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करेगी।

डिज्नीलैंड पार्क एक प्रकार का थीम पार्क है। जहां पर्यटक सपनों की दुनिया में घूमने का आनंद लेते हैं। यहां विभिन्न कार्टून चरित्रों, आकर्षक इमारतों की स्वप्निल दुनिया में होने का एहसास होता है। डिज्नी पार्क में बच्चे और वयस्क समान रूप से आनंद ले सकते हैं। वर्तमान में पूरी दुनिया में केवल 6 डिज्नीलैंड पार्क हैं। दुनिया का पहला डिज्नीलैंड पार्क अनाहेम, कैलिफोर्निया, संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थापित किया गया था। फ्लोरिडा, पेरिस, टोक्यो, शंघाई, हॉन्गकॉन्ग में भी डिज्नीलैंड पार्क हैं। 6 डिज्नीलैंड पार्क के अलावा 6 डिज्नी पार्क भी हैं।

Exit mobile version