रोहतक के नगर निगम में 10 प्रतिशत राहत के साथ प्रापर्टी टैक्स 31 जुलाई तक जमा करा सकते हैं। अब शनिवार और रविवार को भी टैक्स जमा कराने के लिए काउंटर खोले जाएंगे। आंबेडकर चौक स्थित नगर निगम कार्यालय के ई-दिशा केंद्र पर अवकाश वाले दोनों दिन काउंटर खोले जाएंगे। निगम के आयुक्त डा. नरहरि बांगड़ अवकाश से वापस लौटने के बाद प्रापर्टी टैक्स जमा कराने से संबंधित तैयारियों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है।
वित्तीय वर्ष 2022-2023 के लिए पूरा प्रापर्टी टैक्स जमा कराने पर ही यह राहत मिलेगी। जबकि फायर टैक्स, यूजर चार्ज, विकास शुल्क पर यह राहत नहीं मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि आंबेडकर चौक स्थित नगर निगम कार्यालय के ई-दिशा केंद्र के काउंटर पर टैक्स जमा करा सकते हैं। इस वित्तीय वर्ष के बिल भी वितरित नहीं किए गए हैं। इसलिए उपभोक्ता काउंटर से ही बिल निकलवा सकेंगे। यह भी बता दें कि शहरी क्षेत्र में करीब दो लाख उपभोक्ता हैं। बिल वितरण न होने वाले उपभोक्ता काउंटर से बिल निकलवा सकते हैं।
प्रापर्टी टैक्स जमा कराने के लिए यूं तो आनलाइन व्यवस्था है। उपभोक्ता शहरी स्थानीय निकाय विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन टैक्स जमा करा सकते हैं। हमने यह भी फैसला लिया है कि शनिवार और रविवार को काउंटर खोले जाएंगे, जिससे उपभोक्ता नगर निगम कार्यालय में पहुंचकर टैक्स जमा करा सकते हैं।
डा. नरहरि बांगड़, आयुक्त, नगर निगम

