
रोहतक। रोहतक में जिला परिषद के सदस्यों ने विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और बजट से जुड़े मामलों को लेकर मंगलवार को जिला परिषद कार्यालय पर ताला जड़ दिया। इस दौरान पार्षदों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और धरने पर बैठने का ऐलान किया।
जिला परिषद सदस्यों का आरोप है कि वार्डों में विकास कार्यों के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों से बजट और विकास कार्यों को लेकर बातचीत की गई, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
पार्षद धीरज बोले- अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त
जिला परिषद सदस्य धीरज ने आरोप लगाया कि परिषद के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और विकास कार्यों में बड़े स्तर पर गड़बड़ियां हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि पार्षद बजट को लेकर कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वार्डों में विकास कार्य नहीं हो रहे। उनके अनुसार, विकास के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है।
भ्रष्टाचार बंद होने तक धरना देने का ऐलान
पार्षदों ने स्पष्ट किया कि जब तक कथित भ्रष्टाचार बंद नहीं होता और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
फिलहाल अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
