Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महम में रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, किसान से KCC एंट्री के लिए मांगे थे ₹1.20 लाख

रोहतक के महम में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी सुरेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पटवारी पर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण के लिए आवश्यक भूमि रिकॉर्ड (फर्द जमीन) में एंट्री करने के बदले शिकायतकर्ता से ₹1.20 लाख की अवैध रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को मिली शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड लोन लेने के लिए सभी दस्तावेज लेकर तहसील लाखन माजरा के हल्का पटवारी सुरेश कुमार के पास गया था। पटवारी को ऑफलाइन रिकॉर्ड में इंद्राज कर अपने हस्ताक्षर से सत्यापित करना था।

आरोपी पटवारी ने इस सरकारी कार्य के बदले ₹1.20 लाख की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद SV&ACB, रोहतक की टीम ने एक योजनाबद्ध ट्रैप लगाया।

कार्रवाई के दौरान पटवारी सुरेश कुमार को शिकायतकर्ता से ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद कर ली गई है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ब्यूरो का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

डॉ. चावला ने अधिकारियों और कर्मचारियों को गंभीरता से कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं ताकि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने जनता से भी रिश्वत मांगने वालों की तुरंत शिकायत करने का आग्रह किया।

Exit mobile version