सर्दी के तीन महीने बीतने के बाद अब नगर निगम भी सड़क सुरक्षा को लेकर सक्रिय हो गया है। गुरुवार को इसे लेकर नगर निगम कार्यालय में मेयर मनमोहन गोयल व नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा की अध्यक्षता में बैठक की गई। इसमें नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। आयुक्त ने बताया कि अपने-अपने विभाग की सड़कों की मैपिंग करें, ताकि उनकी पहचान हो सकें। यदि किसी भी विभाग के नाले टूटे हैं या उनकी सफाई नहीं है तो उसकी सफाई व मरम्मत का काम तुरंत करवाएं।
मुख्य मार्गों पर लगी ग्रिल व गड्ढे तुरंत प्रभाव से ठीक करवाए जाएं। इससे आमजन को असुविधा न हो सके। इसके अतिरिक्त मुख्य मार्गों पर सफेद पट्टी लगवाने को कहा गया। साथ ही आयुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से विज्ञापन लगाने के लिए नया पोर्टल चालू किया है। इसलिए विज्ञापन के लिए स्थान चिन्हित कर (इमारत व सड़कों पर) उनकी सूची नगर निगम में उपलब्ध करवाएं, ताकि उन्हें सरकार की ओर से विज्ञापन के लिए चलाए जा रहे पोर्टल पर अपडेट किया जा सके व ऐसा करने से विभागों की आय भी बढ़ेगी।

