Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में समस्याएं जानने फील्ड में उतरे निगम कमिश्नर:वार्डों में कार्यों को लेकर लोगों से की बात; समाधान के दिए आदेश

रोहतक में नगर निगम क्षेत्र में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार ने मंगलवार को फील्ड विजिट किया। उन्होंने वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं का जायजा लिया और अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निगम कमिश्नर डॉ. आनंद ने वार्ड नंबर 5 का विशेष निरीक्षण किया, जहां वार्ड पार्षद सुरेश चंद्र किराड़ भी उनके साथ मौजूद रहे। दौरे के दौरान वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।

डॉ. कुमार ने क्षेत्र में पाई गई कमियों की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करवाई है और संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया है। यह पहल नगर निगम की जन-केंद्रित कार्यप्रणाली का हिस्सा है, जिसके तहत अधिकारी सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

वार्ड 5 में निरीक्षण के दौरान पार्षद सुरेश चंद्र ने कहा कि नगर निगम की जमीन खाली पड़ी है, जहां सामुदायिक केंद्र बनाया जा सकता है। लोगों ने भी सामुदायिक केंद्र बनाने की मांग की। निगम कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि इसके बारे में विचार किया जाएगा और एक प्रपोजल बनाकर हाउस की मीटिंग में भी रखा जाएगा।

निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार ने वार्ड 5 में निरीक्षण के दौरान गलियों में जाकर लोगों से बात की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश भी दिए कि अगर कोई गली अधिकृत क्षेत्र में है या कोई रेवेन्यू रास्ता है तो उसकी पैमाइश करवाई जाए। जिन लोगों ने भी अवैध कब्जे कर रखे हैं, उन्हें हटाया जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार ने कहा कि नगर निगम की जहां-जहां खाली जमीन पड़ी है, वहां के लिए परियोजनाएं बनाई जाए, ताकि निगम की जमीन पर कोई कब्जा न कर सके। साथ ही उस परियोजना का लोगों को भी लाभ मिले। ऐसी जमीनों को चिंहित करने का काम किया जाए।

Exit mobile version