रोहतक में नगर निगम क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए निगम आयुक्त धर्मेंद्र ने अवैध पोस्टर लगाने वालों को चेतावनी दी है। निगम आयुक्त ने साफ कहा कि अगर अवैध होर्डिंग और फ्लेक्स खुद नहीं हटाए गए तो निगम जुर्माना वसूलने के साथ-साथ फ्लेक्स हटाने का खर्च भी वसूलेगा। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए निगम की इंफोर्समेंट टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। जहां भी कोई अवैध होर्डिंग या फ्लेक्स नजर आ रहा है, उसे हटाया जा रहा है। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी दिया जा रहा है।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अभिनव सिवाच ने बताया कि नगर निगम की टीम ने एक सप्ताह में नियम तोड़ने वाले 35 लोगों को नोटिस दिए हैं। टीम को सख्त निर्देश हैं कि निगम क्षेत्र में लगातार निरीक्षण कर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही फ्लेक्स हटाने का हर्जाना भी वसूलें। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में प्रथम स्थान पाने के लिए निगम ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अभियान की शुरुआत एक महीने पहले की गई थी, जिसमें टीम ने शहर से अवैध होर्डिंग्स हटाए हैं। अब तक 100 से अधिक लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं।
