Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कमजोर होने लगा कोरोना:10 दिनों में 40% की गिरावट; 13 से 7.12 प्रतिशत पर पहुंची पॉजिटिविटी रेट, वैक्सीनेशन की तैयारी

हरियाणा में धीरे-धीरे कोरोना वायरस कमजोर होने लगा है। 10 दिनों में 40 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। पॉजिटिविटी दर 13 से गिरकर 7.12 प्रतिशत पर पहुंच गई है। 24 घंटे में 7800 सैंपलों की जांच में 512 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।इस बीच अच्छी खबर यह भी है कि हरियाणा सरकार ने भी वैक्सीनेशन की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि अभी वैक्सीन का स्टॉक खत्म है, लेकिन जल्द ही सरकार वैक्सीन की खरीद करेगी।

राज्य में कोरोना नए केस मिलने के मामले में गुरुग्राम सबसे टॉप पर बना हुआ है। 24 घंटे में यहां 184 नए संक्रमित मिले हैं। दूसरे नंबर पर पंचकूला जिला बना हुआ है, यहां 54 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।राज्य में 24 घंटे के दौरान 3942 एक्टिव केस रिकॉर्ड हुए हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस गुरुग्राम जिले में हैं। यहां 1564 केस रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं रोहतक में 449, फरीदाबाद में 383, पंचकूला में 308 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 512 रही। सबसे ज्यादा 250 मरीज गुरुग्राम में ठीक हुए।

हरियाणा में 98.63 प्रतिशत रिकवरी रेट रिकॉर्ड किया गया है। राहत की बात यह है कि राज्य में मृत्यु दर 1.00 प्रतिशत पर स्थिर बनी हुई है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि मई में एक बार फिर तेजी से संक्रमण में विस्तार होगा। उन्होंने लोगों को कोविड को रोकने के लिए लगाई गई पाबंदियों का पालन करने की हिदायत दी।

हरियाणा सरकार फिर से वैक्सीनेशन शुरू करने के लिए कॉर्बेवैक्स वॉयल खरीदेगी। इसकी वजह यह है कि अभियान शुरू करने के लिए कोवीशील्ड-कोवैक्सिन का उत्पादन बंद हो जाने से वॉयल नहीं मिल पाए। शुरुआत में हालांकि इसकी खरीद कम होगी, लेकिन भविष्य में सरकार अधिक मात्रा में इसकी खरीद करेगी।

Exit mobile version