Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

देश में फिर बढ़ रहा कोरोना: 24 घंटे में 6 मौतें, 3976 एक्टिव केस; JN.1 सबसे आम वैरिएंट, केरल में सबसे ज्यादा मामले

देश में कोरोना वायरस संक्रमण एक बार फिर चिंता का कारण बन रहा है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 से 6 लोगों की मौत हुई है, जिसमें अहमदाबाद की एक 18 साल की गर्भवती लड़की और 47 साल की महिला शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली और तमिलनाडु में भी युवाओं की मौत हुई है। देश में कुल मौतों की संख्या अब 34 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में फिलहाल 3976 एक्टिव केस हैं, जिनमें सबसे अधिक 1435 मामले केरल में हैं। महाराष्ट्र 506 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। कोविड के मामलों में 10 दिनों में 15 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने नई पब्लिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें भीड़-भाड़ से बचने, मास्क पहनने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई है। राज्य में अभी 238 एक्टिव केस हैं।

मिजोरम में भी 7 महीने बाद कोविड के 2 नए मामले सामने आए हैं। मरीजों का इलाज जोरम मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। IDSP ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।

महाराष्ट्र में इस साल जनवरी से अब तक 10,324 टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 681 पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई में 411 केस सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क को कोविड के कारण बंद करने के बाद 29 मई को प्रोटोकॉल के साथ दोबारा खोला गया है।

इस बीच भारत में कोविड के चार नए वैरिएंट LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 की पुष्टि हुई है। ICMR के अनुसार JN.1 देश में सबसे आम वैरिएंट बन चुका है, जो टेस्टिंग के 50% सैंपल्स में पाया गया है। WHO ने इन्हें फिलहाल ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ कैटेगरी में रखा है, लेकिन इन्हें गंभीर नहीं माना है।

JN.1 वैरिएंट ओमिक्रॉन के BA2.86 स्ट्रेन से जुड़ा है, जो तेजी से फैलता है और शरीर की इम्यूनिटी को कमजोर करता है। इसके लक्षण हल्के होते हैं लेकिन कई मामलों में लंबे समय तक बने रहते हैं, जिससे “लॉन्ग कोविड” की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

सरकार और स्वास्थ्य एजेंसियों ने आम जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें, मास्क पहनें, हाथ धोते रहें और किसी भी लक्षण की स्थिति में तुरंत जांच कराएं।

Exit mobile version