Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंचकूला शिक्षा सदन में कोरोना विस्फोट- 250 कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे; 50 मिले पॉजिटिव

हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर में केस बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को पंचकूला शिक्षा निदेशालय में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लिए थे। शिक्षा सदन की 6 मंजिला इमारत में कार्यरत करीब 250 कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 50 मरीज पॉजिटिव मिले। गुरुवार शाम को इनकी रिपोर्ट आई थी। अकेले शिक्षा सदन की दूसरे फ्लोर पर 38 कर्मचारी पॉजिटिव मिले। शुक्रवार को इसकी सूचना मिलते ही शिक्षा सदन में हड़कंप मच गया।

शिक्षा सदन में मौजूदा समय में 50 प्रतिशत कर्मचारी ही ड्यूटी पर आ रहे हैं। बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के आदेश हैं। एक जनवरी से प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर आने जाने के लिए वैक्सीनेशन कराना जरूरी है। परंतु शिक्षा सदन के बाहर दोनों गेटों पर किसी भी कर्मचारी के आने जाने पर कोई सर्टिफिकेट चैक नहीं किया जा रहा था। लोग सीधे ही शिक्षा सदन में जा रहे थे। ऐसे में महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा की गाइडलाइन का पालन नहीं हुआ।

पंचकूला में गुरुवार को 162 केस आए थे। शिक्षा निदेशालय ने कोरोना के कारण स्कूलों में 8 जनवरी को ली जाने वाली बुनियाद परीक्षा भी टाल दी है। करीब 40 हजार बच्चों ने परीक्षा देनी थी। शिक्षा सदन में प्रदेश से अध्यापकों का अपने व्यक्तिगत और सरकारी कार्यों को लेकर आना जाना रहता है।

Exit mobile version