Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में फिर से एक्टिव हुआ कोरोना:24 घंटे में मिले रिकॉर्ड 68 केस;सरकार आई अलर्ट मोड़ में

हरियाणा में कोरोना संक्रमण फिर से एक्टिव हो गया है। 24 घंटे में 68 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक्टिव केसों की लगातार बढ़ती संख्या ने सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। 5 दिन में एक्टिव केस 103 से बढ़कर 257 पर पहुंच गए हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस गुरुग्राम (155) और फरीदाबाद (55) में मिले हैं।पॉजिटिविटी दर में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। पंचकूला की पॉजिटिविटी दर सबसे ज्यादा 16.77 प्रतिशत दर्ज की गई है।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए हरियाणा सरकार भी अलर्ट मोड़ में आ गई है। सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जल्द ही मीटिंग कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि हरियाणा संक्रमण की हर स्थिति से निपटने को पूरी तरह से तैयार है

हरियाणा के अस्पतालों में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए 21,212 सीरियस बेड हैं। ऑक्सीजन बेड की भी पर्याप्त व्यवस्था अस्पतालों में रखी गई है। 6068 सरकारी और 9098 ऑक्सीजन बेड निजी अस्पतालों में हैं। इसके अलावा वेंटिलेटर की भी व्यवस्था अस्पतालों में पूरी है। सरकारी अस्पतालों में 835 वेंटिलेटर और निजी अस्पतालों में 1050 वेंटिलेटर हैं।

कोरोना संक्रमण को लेकर दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में हालात ज्यादा खराब हैं। इन हालातों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दोनों जिलों के लिए विशेष गाइड लाइन जारी की गई है। यहां के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहा गया है कि यदि किसी भी मरीज को दूसरी बीमारी है तो उन्हें उसी समय अस्पताल में भर्ती किया जाए।

Exit mobile version