Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी में शराब पीने से मना करने पर विवाद:बर्थडे पार्टी में बीयर की बोतल सिर में मारी, चाकू गोदा

रेवाड़ी में कुछ युवकों ने अपने ही दोस्त को बर्थडे पार्टी में बुलाकर उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बीयर की बोतल फोड़कर उसके शरीर में कई जगह घोंप दी। इतना ही नहीं, चाकू से भी उस पर कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव मसानी निवासी कुलदीप गुरुग्राम के मानेसर स्थित एक सैलून पर काम करता है। रात करीब साढ़े 9 बजे सैलून पर काम पूरा करने के बाद मानेसर से घर आ रहा था। तभी उसके गांव में ही रहने वाले रवि और उसके ममेरे भाई अरमान ने कुलदीप के पास फोन किया और उनके घर में चल रही बर्थडे पार्टी में बुलाया।

विपुल गार्डन सोसाइटी के सामने कार्तिक, रवि, मनीष और एक अन्य युवक कुलदीप को कार में लेने आ गए। केक काटने के बाद सभी लोग रवि के घर पर बैठ कर शराब पीने लगे। कुलदीप शराब नहीं पीने के कारण गली में जाकर खड़ा हो गया।

इसी बीच रवि और मनीष भी गली में आकर बात करने लग गए। कुलदीप ने रवि और मनीष से उनकी कंपनी से शिकायत आने के बारे में कहा तो दोनों तैश में आ गए और मारपीट शुरू कर दी।

कुलदीप का आरोप है कि रवि और मनीष के बुलाने पर कार्तिक, अरमान, तरुण व तनसुख भी वहां आ गए और सभी ने मारपीट शुरू कर दी। गौरव ने बीयर की बोतल उसके सिर में मारी और मनीष ने टूटी हुई बोतल उसके पेट में घोंप दी। आरोपियों ने चाकू से भी उसके शरीर पर कई वार किए, जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बेहोशी की हालत में आरोपी उसे मौके पर ही छोड़कर भाग गए। गांव के रहने वाले एक युवक ने अपने टेंपो में डाल कर उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को वारदात के बारे में सूचना दी।

Exit mobile version