Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन का विवादित बयान: बोली-OYO रूम्स में लड़कियां हनुमान की आरती नहीं करने जाती; ऐसी जगह पर जाते वक्त ख्याल रखे

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने लड़कियों को लेकर विवादित टिप्पणी की है। कैथल में RKSD कॉलेज में साइबर क्राइम और जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि ओयो रूम में लड़कियां हनुमान की आरती करने नहीं जाती हैं, लड़कियों को ऐसी जगहों पर जाते समय यह ख्याल रखना चाहिए कि कुछ गलत भी हो सकता है। कॉलेज में आयोजित कानूनी और साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं और महिलाओं को साइबर क्राइम व महिला उत्पीड़न के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान रेनू भाटिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन में बने लिव इन रिलेशनशिप कानून के चलते आयोग को महिलाओं से जुड़े मामलों को सुलझाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्‍होंने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप कानून में संसोधन की जरूरत है। वहीं उन्‍होंने कहा आए दिन हो रहे महिलाओं व लड़कियों के साथ प्यार के नाम शारीरिक शोषण पर उन्होंने सख्त टिपण्णी करते हुए कहा कि ओयो रूम्स में लड़कियां हनुमान की आरती करने नहीं जाती। ऐसी जगहों पर जाते समय यह ख्‍याल रखना चाहिए कि वहां आपके साथ बुरा भी हो सकता है।

हरियाणा महिला आयोग ने कहा कि हमारे पास जितने भी यौन शोषण के मामले आए हैं, ज्यादातर केस लिव इन रिलेशनशिप के थे। ऐसे मामलों में ज्यादा हस्ताक्षेप नहीं कर सकते, लेकिन फिर भी सुलझाने की कोशिश करते हैं। लिव इन रिलेशनशिप कानून से कहीं न कहीं  परिवार भी बिगड़ते हैं और लिव इन रिलेशनशिप कानून के कारण महिला अपराधों में बढ़ोतरी हई है। इसके चलते परिवार टूट जाते हैं। इसलिए कानून में बदलाव होना चाहिए।

इस दौरान रेनू भाटिया ने महिलाओं व लड़कियों को सलाह देते हुए कहा कि अक्सर ऐसे मामले आते हैं। जिसमें लड़कियां कहतीं हैं कि उससे मेरी दोस्ती हो गई। उसने मुझे कोल्ड ड्रिंक में कुछ पिलाया और मेरे साथ बुरा कर्म किया और मेरी वीडियो बनाई। अब वो मुझे ब्लैक मेल कर रहा है। यह बड़ी स्वाभाविक सी बात हो गई है। इसमें गर्ल्स को भी क्या ये नहीं पता है जब हम ऐसे स्थान पर जाएंगे तो हम वहां पर हनुमान की आरती करने तो जा नहीं रहे हैं। जब हम ऐसे स्थान पर जा रहे हैं तो हमारे साथ मित्रता में कुछ ना कुछ गलत भी हो सकता है ये हमें सोचना चाहिए।

महिला आयोग की अध्यक्षा ने इस दौरान कपड़ो को लेकर भी टिप्पणी की उन्होंने ने कहा कि जब हम बाकी चीजों में इतना समझदार हो गए हैं कि उसे कॉलेज जाने के लिए माता-पिता से क्या कुछ चाहिए और कॉलेज में क्या होता है। 12वीं के लड़के लड़कियों को कॉलेज में आते ही ऐसे पंख लग जाते हैं कि जैसे पता नहीं क्या मिल गया है। लड़कियों को लगता है स्कूल ड्रेस से छुट्टी और कुछ भी पहनो, कितने भी मॉडर्न कपड़े पहनो। लड़कों को लगता है बस्ते वाला काम खत्म और अब तो मैं हूं, मेरी बाइक होगी और मेरी गर्ल फ्रेंड होगी।

Exit mobile version