Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल की राइस मिल में ठेकेदार की हत्या: दिवाली के पटाखे चलाने पर हुआ विवाद, सिर पर कस्सी से वार का आरोप

करनाल: करनाल-डांड रोड स्थित बदरी एग्रो राइस मिल में दीपावली के पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान मिल में काम करने वाले ठेकेदार राधेश्याम की मौत हो गई। आरोप है कि झगड़े के दौरान फोरमैन रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार किया। मारपीट में अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप भी लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बॉयलर और मिलिंग प्लांट पर काम करती हैं अलग-अलग लेबर

गांव सांभली निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बदरी एग्रो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड की बीड़ डिडांरी स्थित राइस मिल में सिक्योरिटी गार्ड है। 8 नवंबर को उसकी ड्यूटी शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक थी।

शिकायत के अनुसार, रात करीब 9 बजे उसे मिल में काम करने वाले दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली। एक पक्ष की लेबर बॉयलर पर काम करती है, जिसका फोरमैन रामभरोसे है। वहीं, दूसरे पक्ष की लेबर मिलिंग प्लांट पर काम करती है, जिसका ठेकेदार राधेश्याम था।

बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच दीपावली पर पटाखे चलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

फोरमैन पर कस्सी से सिर पर वार करने का आरोप

सिक्योरिटी गार्ड अजय कुमार के मुताबिक, रामभरोसे की लेबर की तरफ से अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू और अन्य लोग शामिल थे। वहीं राधेश्याम की लेबर से हरिमोहन, विजय बहादुर, नितिश और अन्य कर्मचारी थे।

अजय ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो राधेश्याम की मौत हो चुकी थी। शिकायत के अनुसार, उसे मौके पर पता चला कि रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार किया था। अखिलेश और अन्य लोगों पर भी राधेश्याम के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

रात को ही पहुंची पुलिस, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत के आधार पर रात करीब ढाई बजे तरावड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है।

पुलिस राधेश्याम की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की भूमिका और घटना के वास्तविक क्रम का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Exit mobile version