Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में चलती मालगाड़ी से कंटेनर गिरे:ट्रैक-बिजली लाइन टूटीं; दिल्ली-अमृतसर पैसेंजर ट्रेन रद्द

करनाल में मंगलवार सुबह तरावड़ी रेलवे स्टेशन के पास चलती मालगाड़ी से करीब 8 कंटेनर गिर गए। कंटेनर गिरने की वजह से बिजली लाइन और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। रेलवे अधिकारियों ने दिल्ली से अमृतसर के बीच चलने वाली ट्रेनों का संचालन रोक दिया है।

इस रूट पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई हैं, जबकि एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। मालगाड़ियों का संचालन रोक दिया गया है। इस रूट पर रोजाना 60 से 70 रेल गाड़ियां अप-डाउन करती हैं।

सूचना पाकर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। कंटेनरों को ट्रैक से हटाने का काम किया जा रहा है। सूचना यह भी है कि मालगाड़ी के पिछले पहिये डिरेल हुए हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक्सल टूटने के कारण यह हादसा हुआ है। झटके लगने के बाद मालगाड़ी से कंटेनर नीचे जा गिरे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह मालगाड़ी चंडीगढ़ से दिल्ली की तरफ जा रही थी। सुबह करीब 4.23 बजे तरावड़ी रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर से गुजर रहे ट्रक ड्राइवर ने डायल 112 पर कॉल कर कंटेनर गिरने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे अधिकारियों को घटना के बाद में बताया। इसके बाद सभी मौके पर पहुंच गए।

घटना के बाद करनाल रेलवे स्टेशन पर अपनी अपनी ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को वापस लौटना पड़ा। यात्री शिवानी, मुस्कान, बुद्धिराजा, पवन कुमार व अन्य ने कहा कि ट्रेनों के रूट डायवर्ट हुए हैं। हमें अमृतसर और लुधियाना जाना था, लेकिन अब हमारी ट्रेन ही नहीं आ रही। जिसकी वजह से दिक्कत आ रही है। टिकट काउंटर पर भी टिकट नहीं मिल रही। अब हमें बस से जाना पड़ेगा। जिसमें किराया भी ज्यादा खर्च होगा और हमारा समय भी बर्बाद होगा।

Exit mobile version