Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गोहाना में कॉन्स्टेबल की छाती में गोली मारकर हत्या:ड्यूटी से घर के लिए निकला, सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिला; कार-मोबाइल गायब

गोहाना में सोमवार रात (12 फरवरी) को हेड कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रूखी गांव के पास उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ मिला। प्रमोद ड्यूटी करने के बाद जसिया गांव जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसकी छाती में गोली मार दी। इसके बाद प्रमोद की कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

सूचना पाकर ACP सोमबीर, बरोदा थाना SHO रमेश चंद्र व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 302 IPC एवं 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। शव को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर भिजवाया गया है।

रोहतक के जसिया गांव के रहने वाले कर्मबीर ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा का लड़का प्रमोद हरियाणा पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल था। उसकी ड्यूटी मोहाना थाना में थी। रात को उसे भैंसवान खुर्द पुलिस चौकी से फोन आया कि उसके चचेरे भाई प्रमोद की गांव रूखी से थोड़ा आगे नीलकंठ ढाबा के पास किसी व्यक्ति ने गोली मार कर हत्या कर दी है।

सूचना पाकर वह परिवार के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां प्रमोद का शव रोड किनारे पड़ा था। उसकी छाती में गोली लगी थी।

पुलिस के अनुसार, प्रमोद रात को 11 बजे के करीब मोहाना थाना से जसिया गांव जाने के लिए अपनी कार लेकर निकला था। रात को उसका शव करीब 12 किलोमीटर दूर गोहाना-रोहतक रोड स्थित गांव रूखी में नीलकंठ ढाबा के पास मिला। पुलिस को मौके पर न तो उसकी कार मिली है और न ही उसका मोबाइल। पुलिस प्रारंभिक जांच में लूटपाट की आशंका भी मान रही है।

Exit mobile version