उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में सोमवार की रात दो पक्षों से भूमि विवाद को लेकर मारपीट हो गयी और इसी बीच, बीच बचाव करने आये प्रयागराज के ट्रांसपोर्टनगर के रहने वाले और जौनपुर के सुरेरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पर एक पक्ष ने खूंटे से हमला कर घायल कर दिया जिसके चलते वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान मंगलवार को हेड कांस्टेबल ने दम तोड़ दिया। मृतक की बेटी नीतू मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने विपिन और राहुल दूबे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। भदोही के एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। हेड कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
