हरियाणा के पंचकूला में नाके पर तैनात एक पुलिस कॉन्स्टेबल को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुचलने के बाद आरोपी गाड़ी को यमुनानगर की तरफ भगाकर ले गया।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। चंडी मंदिर थाने में आरोपी ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मृतक की पहचान जींद के पिल्लूखेड़ा निवासी दीपक के तौर पर हुई है। वह 2023 में पुलिस में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग के बाद 2024 में उन्हें पंचकूला के सुर्जनपुर थाने में पोस्टिंग मिली थी।
दीपक का 2-3 दिन पहले ही क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर हुआ था, लेकिन अभी ट्रैफिक यूनिट से उनकी रिलीविंग नहीं हुई थी। दीपक दो बच्चों के पिता थे, जिनमें 6 साल की बेटी है, जबकि बेटा अभी सिर्फ 10 महीने का है।
चंडी मंदिर थाने से जांच अधिकारी ASI प्रवीन ने बताया कि ट्रैफिक टीम ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर उनके हवाले किया था। शिकायत पर धर्मेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत केस दर्ज कर उस गिरफ्तार कर लिया है।
