हरियाणा के गुरुग्राम में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सरकारी बंगले के गार्ड रूम में तैनात एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने सुसाइड कर लिया। मंगलवार सुबह एक सहकर्मी में उसे बेहोशी की हालात में पड़े पाया तो मंत्री और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कॉन्स्टेबल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 49 वर्षीय कॉन्स्टेबल जगबीर सिंह के रूप में हुई है, जो झज्जर जिले के सुखपुरा गांव का निवासी था।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कॉन्स्टेबल ने आत्महत्या की है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है
पुलिस के अनुसार, कॉन्स्टेबल जगबीर सिंह राव नरबीर सिंह के बंगले के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार की रात, जब उनका सहकर्मी नियमित जांच के लिए गार्ड रूम पहुंचा, तो उसने जगबीर को असामान्य स्थिति में पाया। सहकर्मी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जगबीर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सिविल लाइन थाना एसएचओ कृष्ण ने बताया कि रात को ढाई बजे की घटना है। सुबह पांच बजे हमें सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह आठ बजे आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवाया गया। मृतक कॉन्स्टेबल झज्जर जिले का रहने वाला था। उसके परिजन पहुंच गए हैं। अभी उनकी तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
