Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में फौजी की हत्या का साजिशकर्ता गिरफ्तार:घर लौटते समय कनपटी पर मारी थी गोली; बाइक पर आए थे 3 युवक

हरियाणा के रोहतक में पुलिस ने फौजी हत्याकांड में साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 व सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए गांव चमारिया के निवासी रिंकू उर्फ बोस को पकड़ा। इसी गांव के सरकारी स्कूल के पास फौजी मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

प्रभारी सीआईए-1 स्टाफ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि 8 अगस्त को सूचना प्राप्त हुई कि गांव चमारिया में सरकारी स्कूल के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतक युवक की पहचान गांव चमारिया निवासी मोहित के रूप मे हुई। मृतक के चाचा की शिकायत के आधार पर थाना सदर में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोहित करीब 3 साल से फौज मे नौकरी करता है। मोहित करीब 10 दिन पहले अपने घर 1 माह की छुट्टी लेकर आया था। 8 अगस्त को मोहित सुबह करीब सवा 8 बजे अपने भतीजे जश्न को मोटरसाइकिल पर गांव में स्थित सरकारी स्कूल मे छोड़ने के लिए घर से निकला।

मोहित अपने भतीजे को छोड़कर वापस घर के लिए चला। वह जैसे ही सरकारी स्कूल के छोटे गेट के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार तीन युवक आए और मोहित की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात करके तीनों युवक मोटरसाइकिल सहित मौके से फरार हो गए थे।

Exit mobile version