हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी लोकतंत्र की रक्षा और जनादेश की चोरी के खिलाफ करनाल से बड़ा जन आंदोलन छेड़ने जा रही है। बुधवार को करनाल में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ अभियान का आगाज होगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे पाठक अस्पताल के सामने कांग्रेस की विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद कार्यकर्ता और पदाधिकारी रैली निकालते हुए जिला सचिवालय पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौपेंगे|
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया इंचार्ज चांदवीर हुड्डा ने बताया कि इस कार्यक्रम की अगुआई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे। उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी प्रफुल्ल गुड़थे भी मौजूद रहेंगे। प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता इस जनसभा में शामिल होंगे।
अभियान की पृष्ठभूमि उस समय बनी, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अक्तूबर 2024 के विधानसभा चुनावों में 25 लाख वोट चोरी होने के आरोप लगाए थे। इसी के बाद हरियाणा कांग्रेस ने राज्यभर में आंदोलन छेड़ने का फैसला किया। आंदोलन की रणनीति दिल्ली में हुई बैठक में तय की गई, जिसकी अध्यक्षता हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने की।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल गुड़थे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी ने बीती 5 नवंबर को दिल्ली कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि हरियाणा में 2024 विधानसभा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी हुए। राहुल ने नीली डेनिम जैकेट पहने एक लड़की की फोटो दिखाकर सवाल किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन मॉडल का क्या काम है।
राहुल गाँधी से मिली जानकारी के मुताबिक ब्राजीलियन मॉडल ने हरियाणा में 10 बूथ पर कभी सीमा, स्वीटी तो कभी सरस्वती के नाम पर 22 वोट डाले। राहुल ने ब्राजीलियन मॉडल का नाम नहीं बताया। हालांकि यह तस्वीर अनस्प्लेश और पिक्सेल्स जैसी स्टॉक फोटोग्राफी वेबसाइटों पर फ्री डाउनलोड के लिए मौजूद है। इस मॉडल की फोटो का इस्तेमाल कर 22 वोट सोनीपत के राई हलके की वोटर लिस्ट में शामिल किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान हरियाणा के सभी 22 जिलों में चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत करनाल से होगी, जहां प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे। इसके लिए पार्टी ने जिलावार कमेटियां गठित कर दी हैं। हर जिले में अध्यक्ष, संयोजक और सदस्य नियुक्त किए गए हैं, जो आंदोलन के संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस अभियान में कांग्रेस के सभी सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और 2024 के लोकसभा व विधानसभा चुनावों के प्रत्याशियों को शामिल किया गया है। वरिष्ठ नेताओं को भी जिलावार जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सके। कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन है।
