हरियाणा में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से चुनावी मोड़ में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 साल पूरे होने पर प्रदेश भर में पार्टी रैलियां आयोजित कर रही है। भाजपा की सक्रियता को देखते हुए अब हरियाणा कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए हरियाणा कांग्रेस भी पानीपत से चुनावी आगाज करने जा रही है।

इसके लिए 18 जून को यहां एक महारैली का आयोजन करेगी। इस रैली में पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा हाथी पर सवार होकर शामिल होने आएंगे। रैली को सफल बनाने के लिए हरियाणा कांग्रेस के नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं, जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा पार्टी के नेताओं के द्वारा की जाएगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित सभी मंत्री विधायक राज्य में जनसंवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। अब हरियाणा कांग्रेस भी भाजपा की तर्ज पर जन मिलन समारोह करने जा रही है। पानीपत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा इसकी शुरुआत करेंगे। वह राउंड टेबल पर बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ ही लोगों से चर्चा करेंगे। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस के नेता फील्ड का फीडबैक लेकर आगे की रणनीति पर काम करेंगे।

हरियाणा में कांग्रेस अब तक 7 लोकसभा में विपक्ष आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इस सफलता को देखते हुए कांग्रेस 9 जुलाई काे फिर से इस कार्यक्रम को शुरू करेगी। भिवानी के बाद अन्य लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी के नेता कार्यक्रम करेंगे।

हरियाणा कांग्रेस की होने वाली इस महारैली में एक बार फिर गुटबाजी सामने आएगी। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इन महारैली के लिए अभी तक हुड्‌डा गुट के अलावा अन्य दूसरे नेताओं को न्योता नहीं दिया गया है। अभी हरियाणा में कांग्रेस आधा दर्जन गुट हैं। हालांकि प्रभावशाली गुट पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा का ही माना जाता है, लेकिन कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य तथा कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव का प्रभाव भी कम नहीं है।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी हिसार से 18 जून को चुनावी आगाज करने जा रही है। इस दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली में शामिल होंगे। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरियाणा आएंगे। संभावना है कि वह गृह मंत्री अनिल विज के जिले अंबाला में होने वाली रैली में शामिल हों। इसके बाद और भी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के बड़े चेहरे हरियाणा में होने वाली रैलियों में शामिल होंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!