Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंचकूला में BJP दफ्तर के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग के चलते रोके गए कार्यकर्ता

हरियाणा के पंचकूला में कांग्रेस ने BJP प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय के सामने लगाए गए बैरिकेड्स के बाहर ही रोक लिया। करीब 40 मिनट तक नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी वापस लौट गए।

प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गांधी परिवार को साजिश के तहत बदनाम करने का आरोप लगाया।

ED और CBI के दुरुपयोग का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड जैसे मामलों के जरिए गांधी परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। ED और CBI जैसी एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। जब भी कोई विपक्षी आवाज उठाता है, उसे चुप कराने के लिए जांच एजेंसियों का सहारा लिया जाता है।

300 से ज्यादा कार्यकर्ता, 10 विधायक रहे मौजूद

प्रदर्शन में करीब 300 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। मौके पर लगभग 10 विधायक भी मौजूद थे, जिनमें नूंह से मामन खान, नारनौंद से जस्सी पेटवाड़, महम से बलराम दांगी, बरौदा से इंदूराज नरवाल, करनाल से लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा सहित NSUI के सदस्य भी शामिल रहे।

नेशनल हेराल्ड केस को लेकर विरोध

कांग्रेस का यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड केस में ED की चार्जशीट को कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया और गांधी परिवार को बदनाम करने की कोशिश की।

CM सैनी का पलटवार

कांग्रेस के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में वोट चोरी और बूथ कैप्चरिंग होती थी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शी व्यवस्था है।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है।

Exit mobile version