Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

आज पंचकूला में कांग्रेस करेगी HPSC का घेराव: सेक्टर 5 में फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास इकट्ठे होंगे नेता और कार्यकर्ता

डेंटल सर्जन भर्ती घोटाले के विरोध में आज कांग्रेस हरियाणा लोक सेवा आयोग का घेराव करेगी। इसके लिए पंचकूला सेक्टर 5 में सुबह 10 बजे फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास कांग्रेस के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता जुटेंगे। घेराव कार्यक्रम का नेतृत्व हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल करेंगे, लेकिन इस कार्यक्रम में हुड्‌डा खेमे के विधायकों के पहुंचने के आसार कम हैं। इससे पहले हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय का घेराव यूथ कांग्रेस भी कर चुकी है। परंतु कांग्रेस के घेराव का कार्यक्रम पहले से ही तय था, ऐसे में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर विवाद पैदा हो गया। यूथ कांग्रेस में भी इस कार्यक्रम को लेकर सहमति नहीं थी।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा के राजनीतिक सलाहकार चौधरी रामकिशन गुज्जर ने बताया कि कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बन कर रह गया है। हरियाणा में बेरोजगारी चरम पर है। कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल के नेतृत्व में एवं कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी शैलजा की अध्यक्षता में विशाल धरना प्रदर्शन कर रही है। सभी विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों व पूर्व विधायकों के साथ-साथ प्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को सूचना एवं आमंत्रण भेज दिया गया है। कांग्रेस सेवा दल, प्रदेश महिला कांग्रेस, प्रदेश युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, लीगल सेल, इंटेक व सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को भी सूचना दी गई है।

ऑल इंडिया कांग्रेस के निर्देश पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने महंगाई के खिलाफ प्रदेश में जन जागरण अभियान चलाया हुआ है। जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम चलाया हुआ है। हुड्‌डा गुट पार्टी के जन जागरण अभियान में भाग नहीं ले रहा। इस कार्यक्रम में भी भाग लेने पर संशय है।

Exit mobile version