Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुत्ते की तरह हरकत करने वाला युवक की हालत ठीक…मां बोलीं- बेटा अब पूरी तरह ठीक, डॉक्टरों ने रेबीज से किया इनकार

कैथल। कैथल शहर के पुंज मोहल्ले में कुत्ते के काटने के बाद युवक के कुत्तों जैसी हरकतें करने का मामला पिछले दिनों चर्चा का विषय बना रहा। अब इस मामले में युवक के परिजन सामने आए हैं। युवक की मां ने बताया कि उनका बेटा अब पहले से काफी बेहतर है और उसका इलाज जारी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि युवक में रेबीज की पुष्टि नहीं हुई है।

मां बोलीं- अचानक बदल गया था व्यवहार

युवक की मां बिमला देवी ने बताया कि उनके 26 वर्षीय बेटे अमन को अचानक परेशानी शुरू हुई थी। परिवार ने उसे कुत्ते के काटने के बाद टीका भी लगवाया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें असामान्य होने लगीं, जिससे सभी घबरा गए।

उन्होंने बताया कि जब वह बेटे के लिए खाना लेकर आईं तो देखा कि उसने अपने पिता को ही काट लिया। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गया और गली में अजीब तरह की हरकतें करने लगा। परिवार ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया और दोबारा चिकित्सकीय सहायता ली।

पिता की भी करवाई गई जांच

बिमला देवी के अनुसार, बेटे द्वारा काटे जाने के बाद उसके पिता की भी जांच करवाई गई थी। जांच में उनकी रिपोर्ट सामान्य आई। फिलहाल अमन का इलाज रोहतक पीजीआई के विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।

मां ने बताया कि डॉक्टरों द्वारा बताए गए सभी टीके समय पर लगवाए जा रहे हैं और अब अमन की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

सिविल सर्जन ने कहा- रेबीज नहीं मिला

कैथल की सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि युवक की जांच में रेबीज नहीं पाया गया है। एहतियात के तौर पर डॉग बाइट के बाद लगाए जाने वाले टीके दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवक अब सामान्य स्थिति में है और स्वास्थ्य विभाग लगातार उसकी निगरानी कर रहा है।

CCTV वीडियो के बाद चर्चा में आया था मामला

गौरतलब है कि दो दिन पहले अमन का एक CCTV वीडियो सामने आया था, जिसमें वह सड़क पर कुत्तों की तरह लेटता, लोगों के पीछे दौड़ता और कुत्तों जैसी आवाजें निकालता दिखाई दे रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अमन को कुछ दिन पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उसने असामान्य व्यवहार करना शुरू कर दिया था। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई भेजा था।

इलाज जारी, हालत में सुधार

फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में युवक का उपचार जारी है। परिवार का कहना है कि अमन पहले से काफी बेहतर है और धीरे-धीरे सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और निर्धारित टीकाकरण अवश्य करवाएं।

Exit mobile version