रोहतक में पानी की समस्या को लेकर लोग काफी परेशान हैं। कहीं पानी की सप्लाई नहीं हो रही है तो कहीं नलों से गंदा पानी आ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ऐसे में पंचकूला से एक टीम रोहतक पहुंची और कॉलोनियों में जाकर पानी के सैंपल लिए।

पंचकूला से आई टीम ने हर कॉलोनी में जाकर लोगों से पानी के बारे में पूछा और सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में रखवाए हैं। टीम ने हर वार्ड की कॉलोनियों से 10-10 सैंपल लिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय से अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए।

पंचकूला से पहुंची टीम ने हर वार्ड में पार्षदों के साथ मिलकर पानी के सैंपल लिए। जिन कॉलोनियों में गंदे पानी की समस्या अधिक थी या पानी ही नहीं पहुंच रहा था, उन कॉलोनियों में जाकर लोगों से बात की और सैंपल भी लिए। लोगों ने बताया कि पानी में सीवरेज का पानी मिक्स होकर आ रहा है, जिससे परेशानी अधिक बढ़ गई है।

पंचकुला से जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता राजेश रोहिल्ला ने बताया कि रोहतक में गंदे पानी की समस्या को लेकर काफी समय से शिकायत मिल रही थी। इसी को लेकर हेड ऑफिस से उनकी ड्यूटी लगाई गई, ताकि शहरवासियों को पीने के पानी की सुविधा दी जा सके। इसी के चलते पानी के सैंपल ले रहे हैं।

राजेश रोहिल्ला ने बताया कि रोहतक में रॉ वाटर स्टोरेज न होने के कारण परेशानी हुई। नहर में भी पानी नहीं था, जिससे जलघरों में भी पानी खत्म हो गया। अब नहर में पानी आ चुका है और जलघरों में भी पानी भरा जा रहा है। जल्द ही पानी की समस्या का समाधान हो लाएगा।

राजेश रोहिल्ला ने बताया कि सर्विस स्टेशनों व आरओ वाटर पर पीने के पानी की बर्बादी नहीं होनी चाहिए। सर्विस स्टेशनों पर अगर कोई पीने के पानी से गाड़ी धोते हुए मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 10 हजार रुपए तक जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!