Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक विजेता के पति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत: कार में मिला शव, दो साथी गंभीर

कॉमनवेल्थ खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली गढ़ी बोहर की बहू पूजा नांदल के पति पहलवान अजय की शनिवार देर शाम मौत हो गई। जाट कॉलेज के सामने खड़ी कार में उनका शव मिला। वहीं दो अन्य पहलवान बेसुध हालत में मिले हैं। इन्हें दिल्ली बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में नशे की ओवरडोज लेने से पहलवान की मौत होने की चर्चा है। कार से कुछ सीरिंज भी बरामद होने की जानकारी मिली है। हलांकि अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है। गढ़ी बोहर निवासी सीआईएसएफ का जवान अजय, नेवी के जवान कारोर निवासी रवि व सुल्तानपुर निवासी सोनू शनिवार शाम को जाट कॉलेज के बाहर एक कार में बैठे थे। आशंका है कि यहीं उन्होंने नशे के इंजेक्शन लिए।

बताया जा रहा है कि यहां वे सोनू के जन्मदिन की पार्टी के लिए आए थे। इसके बाद वे देव कॉलोनी स्थित अखाड़े के पास पहुंचे। यहां वे अचेत हो गए।अखाड़े से बाहर आ रहे पहलवानों ने उनकी कार देख शाम के मैच के लिए उन्हें बुलाने के उद्देश्य से आवाज दी, मगर कोई जवाब नहीं आया। पहलवानों ने कार में देखा तो तीनों अचेत पड़े थे। अजय का शरीर नीला पड़ने लगा था। इसके बाद अखाड़े के पहलवान उन्हें दिल्ली बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया।

कारोर निवासी रवि को गंभीर हालत के चलते दिल्ली रेफर कर दिया। तीसरे पहलवान सोनू का अस्पताल में ही इलाज जारी है। इसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस देर रात मामले की जांच में जुटी हुई थी। परिजनों को भी देर शाम घटना का पता लगा तो वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। फिलहाल परिवार के सदस्य कुछ भी कहने से परहेज बरत रहे हैं।

पुलिस को मामले की जानकारी मिली है। टीम मौके पर पहुंच चुकी है। मामले की हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक के शव का सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों के बारे में साफ तौर पर कुछ कहा जा सकता है।

-उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक।

Exit mobile version