रोहतक में आज उपायुक्त यशपाल ने कहा कि सरकार द्वारा नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए विभिन्न स्तरों पर समितियां गठित की गई है। राज्य सरकार द्वारा तैयार की गई राज्य कार्य योजना के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाये। हर गांव में वॉलिंटियर तैयार किये जायें ताकि निचले स्तर से नशीले पदार्थों पर रोक लगाई जा सके।
उपायुक्त यशपाल स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में नशीले पदार्थों की रोकथाम के संदर्भ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राज्य स्तर से जिला स्तर, उपमंडल स्तर, कलस्टर स्तर एवं गांव वार्ड स्तर पर ऐसी समितियां गठित की गई है। कार्य योजना के तहत निवारक उपायों के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने की गतिविधियां आयोजित की जायेगी। उन्होंने उपमंडलाधीशों से कहा कि वे उपमंडल स्तर की समितियों के अलावा कलस्टर स्तर की समितियों की भी निगरानी करें तथा नशीले पदार्थों पर नियंत्रण के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियों में शामिल हो।
उपायुक्त यशपाल ने कहा कि गांव में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को प्रोत्साहित करें ताकि वे गांव स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना सांझा कर सके।
नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले व्यक्तियों की सूचना भी परिजन सांझा करें ताकि ऐसे व्यक्तियों को नशे की गिरफ्त से मुक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में भी बच्चों को नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाये ताकि वे अपने परिजनों व आसपड़ोस में लोगों को जागरूक कर सके। पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जाये।

