Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में ट्रक और ट्रॉले की टक्कर:पंजाब के ऑपरेटर की मौत, सड़क पर बिखरा पानीपत रिफाइनरी का केमिकल

रोहतक के गांव भराण के नजदीक 152डी के ऊपर रात को ट्रक व ट्रॉले की टक्कर हो गई। जिसके कारण ट्रक सवार पंजाब के रहने वाले परिचालक की मौत हो गई। वहीं ट्रक से केमिकल भी रोड पर बिखर गया।

हादसा उस समय हुआ जब ट्रक पानीपत रिफाइनरी से केमिकल लेकर 152डी होते हुए नारनौल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रोहतक में ट्रक व ट्रॉले का एक्सीडेंट हो गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

पंजाब के पटियाला के गांव बलोंगी निवासी कुलवंत ने महम थाना पुलिस को एक्सीडेंट की शिकायत दी। शिकायत में कुलवंत ने बताया कि वह चालक की नौकरी करता है। उसके ट्रक में केमिकल भरा हुआ था।

11 अप्रैल को वह केमिकल लेकर पानीपत रिफाइनरी से चला था। उसके साथ उनके गांव बलोंगी निवासी बलदेव परिचालक के रूप में था। वह ट्रक चला रहा था और बलदेव साथ बैठा था। रात को करीब साढ़े 7 बजे 152डी पर जा रहा था।

उन्होंने बताया कि जब वे रोहतक के गांव भराण के पास से गुजर रहे 152डी पर रोड़ पर ही एक ट्राला खड़ा हुआ था। जिसके पीछे की लाइटें नहीं जल रही थी और बिना पार्किंग के खड़ा था। जिसके कारण उनके ट्रक का कंडक्टर साइड वाला हिस्सा रोड पर खड़े ट्राले से जा टकराया।

इस हादसे में चोट लगने के कारण बलदेव की मौत हो गई। वहीं उनके ट्रक में भी काफी नुकसान हुआ और केमिकल भी रोड पर बिखर गया।

महम थाना के जांच अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि 152डी पर एक एक्सीडेंट हो गया। जिसमें ट्रक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर ट्रॉले चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है। वहीं मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version