Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में अगले 5 दिन ठंडी हवाएं चलेंगी:8 और 9 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट आएगी

पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण एक बार फिर मौसम बदल रहा है। हरियाणा में तेज शीतलहर चलने लगी है, जिससे लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। बर्फीली हवाओं के कारण एक बार फिर हवा में नमी बढ़ सकती है और कोहरा फिर से लौट सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 फरवरी तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 8 और 9 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण 8 से 12 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश होने से हरियाणा में भी मौसम प्रभावित हो सकता है।

तापमान पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सोनीपत में दर्ज किया गया है। करनाल में तापमान 7.2, हिसार में 7.4, फतेहाबाद में 7.3 और सिरसा में 7.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 12 फरवरी तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है।

इस दौरान हवाओं में समय-समय पर बदलाव की संभावना है। 8 और 9 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश भागों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

लेकिन 10 फरवरी से 12 फरवरी तक हल्की गति से चलने वाली उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण रात्रि तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह व देर रात को कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।

Exit mobile version