Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 5 दिन तक चलेंगी ठंडी हवाएं:15-20 किमी प्रति घंटा होगी रफ्तार

हरियाणा में सर्दी का मौसम फिर से शुरू हो गया है। रात से ही तेज उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर चल रही इन हवाओं ने अचानक ठंड बढ़ा दी है। रात के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट देखी जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 दिनों तक प्रदेश में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी। वहीं, रात के तापमान में 5 से 8 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 9 मार्च तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील लेकिन खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान 5 और 6 मार्च के दौरान बीच-बीच में मध्यम से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

28 फरवरी को हरियाणा के कई इलाकों में ओलावृष्टि और पहाड़ों पर लगातार ताजा बर्फबारी ने अचानक ठंड बढ़ा दी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी 9 मार्च और 12 मार्च को एक के बाद एक दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम में थोड़ा बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा,

वहीं उत्तरी पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। मार्च के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर कम हो जाएगा। होली के बाद गर्मी का एहसास होने लगेगा।

Exit mobile version