Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में अगले 3 दिन तक बढ़ेगी ठंड:वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 7 से होगा एक्टिव, हल्का कोहरा छाने की संभावना, AQI 200 से नीचे पहुंचा

पहाड़ों से आ रही हवाओं ने हरियाणा में ठिठुरन बढ़ा दी है। दोपहर बाद से चल रही बयार के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के दो जिलों महेंद्रगढ़ और रोहतक में दिन और रात सबसे अधिक सर्द रही। रोहतक में दिन का तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।

महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री दर्ज किया गया। अब प्रदेश में रात का तापमान सामान्य श्रेणी में आ गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

आज से 6 दिसंबर तक ठंडी उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के भी आसार हैं। 7 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके कारण हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी हो जाएगी। 7-8 को आंशिक बादल छा सकते हैं।

प्रदेश में AQI 200 से नीचे आ गया है। हवा चलने से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार हुआ है। हिसार में सबसे ज्यादा 184 AQI दर्ज किया गया। बहादुरगढ़ में 162, सिरसा में 161, भिवानी में 155, गुरुग्राम में 155, नारनौल में 155, चरखी दादरी में 153, जींद में 144, यमुनानगर में 164 और मुरथल में 162 रहा। दो शहर ऐसे भी रहे, जिनकी हवा सबसे साफ दर्ज की गई। इनमें मांडीखेड़ा और पंचकूला शामिल हैं। ये सुबह 7.0 बजे के आंकड़े हैं।

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अभी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ों पर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन होने से बादल छाने की संभावना है, जिससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार हैं।

हालांकि, मौसम साफ होने और पहाड़ों से हवाएं चलने से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में कमी देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version