Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में उत्तर पश्चिमी हवाओं से बढ़ेगी ठंड:अगले 6 दिन तक मौसम साफ रहेगा,पराली जलाने से खराब होने लगी शहरों की हवा

हरियाणा में जल्द ही मौसम बदलने वाला है। इस बार 24 अक्टूबर को पाकिस्तान से चलने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण मौसम बदलेगा। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी और हरियाणा के मैदानी इलाकों में पाला पड़ेगा। रात और दिन के तापमान में भारी गिरावट आएगी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिन के तापमान में 7 से 8 डिग्री की गिरावट आएगी। हालांकि अगले छह दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है। दिन में तीखी धूप के कारण लोगों को जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है।

24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार हिसार सबसे गर्म दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 38.7 दर्ज किया गया। जबकि हिसार की रातें सबसे ठंडी रहीं। जिले का न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री पर पहुंच गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहेगा। बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि मौसम में जो बदलाव हो रहे हैं, उससे रात के समय पाला गिरेगा, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट आएगी।

वहीं पराली जलाने से हरियाणा की आबोहवा काफी खराब हो रही है। दिल्ली से लगते सूबे के अधिकांश जिलों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) काफी खराब श्रेणी में पहुंच गया है। 24 घंटे के दौरान कैथल जिले की हवा सबसे खराब रही। यहां का एक्यूआई 320 तक पहुंच गया। वहीं पानीपत, यमुनानगर, बहादुरगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम जिलों में भी एक्यूआई 200 से अधिक दर्ज किया गया।

Exit mobile version