Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ से और बढ़ेगी ठंड:तापमान 0.5 डिग्री गिरा; कल से आसमान में छाएंगे बादल, पानीपत-सिरसा की वायु गुणवत्ता खराब

हरियाणा में और अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में औसतन 0.5 डिग्री की कमी आई है। सबसे कम तापमान रोहतक में 23.5 डिग्री और सबसे अधिक तापमान सिरसा में 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। जिससे प्रदेश में दिन का तापमान अब सामान्य श्रेणी में आ गया है। वहीं, रात के तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। हिसार में यह सबसे कम 8 डिग्री रहा।

इस बीच, मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों पर पड़ेगा। तेज ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर आएंगी। इससे ठंड बढ़ने की संभावना है।

प्रदेश में AQI 300 से नीचे आ गया है। हवा चलने से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार हुआ है। शनिवार को प्रदेश के सभी शहरों में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से नीचे आ गया। गुरुग्राम में यह सबसे अधिक 291 दर्ज किया गया। हालांकि गुरुग्राम, पानीपत और सिरसा में एक समय यह अधिकतम 500 तक भी पहुंचा।

दूसरी ओर, अगर देश की बात करें तो राजधानी दिल्ली 346 AQI के साथ सबसे प्रदूषित रही। बिहार का हाजीपुर 316 AQI के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए कोहरे की चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, महेंद्रगढ़, सिरसा, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सुबह और शाम को हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इन जिलों में दृश्यता 100 से 200 मीटर के बीच रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही वाहन चालकों को सचेत किया गया है कि कोहरे के दौरान अपने वाहनों में फॉग लैंप और अन्य जरूरी सुविधाएं साथ रखें।

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 30 नवंबर तक रात के तापमान में मामूली गिरावट और हल्का कोहरा व स्मॉग रहने की संभावना है।

रात में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव की संभावना है और 2 दिसंबर को बादल छाए रहने से रात के तापमान में गिरावट के आसार बने हुए हैं।

Exit mobile version