हरियाणा में मौसम करवट ले रहा है। रात के बाद अब दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। एक सप्ताह पहले जहां अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच था, वहीं अब यह घटकर 30 से 31 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट हुई है। प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस की जा रही है। हल्की धुंध भी छाने लगी है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नवंबर के पहले सप्ताह के बाद ठंड और तेज़ी से बढ़ेगी। वहीं, तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। भिवानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 406 दर्ज किया गया, जो देश के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक रहा। इसके अलावा फतेहाबाद में AQI 309, सोनीपत में 317 और बल्लभगढ़ में 320 दर्ज किया गया।

प्रदूषण के मामले में राज्य के चार शहर भिवानी, सोनीपत, फतेहाबाद और बल्लभगढ़ रेड जोन में शामिल हैं। एक दिन पहले पांच शहर रेड जोन में थे, जिनमें बहादुरगढ़, सोनीपत, बल्लभगढ़, चरखी दादरी और जींद शामिल थे। विशेषज्ञों के अनुसार, खेतों में पराली जलाने और मौसम में ठहराव के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 नवंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी। उन्होंने कहा कि इन हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी तथा सुबह-शाम का तापमान और नीचे जा सकता है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!