Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 4 दिन तक शीतलहर की चेतावनी:8 जिलों में बिगड़ सकते हालात; पहाड़ों से आने वाली हवा बढ़ाएगी ठिठुरन

पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का असर हरियाणा में दिखाई दे रहा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम विशेषज्ञों ने अब आज से शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इससे रात में ठंड बढ़ने का अनुमान है। हिसार का न्यूनतम तापमान 24 घंटे में तीसरे दिन सबसे कम रहा।

सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री पर पहुंच गया था। हालांकि इसमें बढ़ोतरी हुई है। अब शीतलहर के कारण रात के तापमान के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है। वहीं, स्मॉग की संभावना भी फिर से शुरू हो गई है।

आईएमडी के अनुसार अगले चार दिन तक शीतलहर जारी रह सकती है। पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिन हो या रात, तापमान गिरने से लोग ठंड से बच रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी से भी ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को प्रदेश के आठ जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 10 दिसंबर से फिर हल्की गति से उत्तरी और उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं चलेंगी।

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि अभी सूबे में मौसम खुश्क रहने की संभावना है। पहाड़ों में रात से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होने से बादल छाने के आसार लगातार बने हुए हैं, इससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार बन रहे हैं।

हालांकि मौसम खुलने से और पहाड़ों की हवाओं से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version