Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 16 जिलों में शीतलहर:पानीपत समेत 4 जिलों में धुंध, रोहतक में दिन सबसे ठंडा, कल से बदलेगा मौसम

हरियाणा में लगातार 8 दिन से शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग ने 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं।

इन जिलों में 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। इनमें से 6 जिले ऐसे भी हैं, जहां कुछ जगहों पर बादल छाने के भी आसार हैं।

वहीं सोनीपत, पानीपत, करनाल व चरखी दादरी में हल्की धुंध छाई हुई है। बाकी जिलों में फिलहाल मौसम साफ है और धूप निकली हुई है।

उत्तर पश्चिम से चल रही पहाड़ी हवाओं के कारण प्रदेश में ऐसे हालात बने हैं। धूप खिलने के बाद भी रात के न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट आई है। हिसार का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां 2.4 डिग्री की गिरावट है।

वहीं दिन के पारे में भी गिरावट आई है। रोहतक के दिन सबसे ठंडे रहे, यहां का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से भी नीचे आ गया। यहां का पारा 18.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी उत्तरी बफीर्ली हवाओं से हरियाणा में ठंड बढ़ी है। हालांकि, 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण धुंध और कोहरा नहीं छा रहा है। आज (16 दिसंबर) से ही मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। हालांकि, मौसम खुलने के बाद भी पहाड़ों की हवाओं से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version