Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट:न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा, कोहरे के कारण 30 ट्रेनें प्रभावित, AQI में सुधार

हरियाणा में नए साल की शुरुआत ठंडे दिन के साथ होगी। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 13 जिलों में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, भिवानी, चरखी-दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल शामिल हैं।

मंगलवार को 4 जिलों में हालात खराब रहे, जहां दिन का अधिकतम तापमान 13 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इन जिलों में रोहतक, करनाल, अंबाला और पलवल जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने 3 जनवरी तक हरियाणा में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।

इसके चलते न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है। प्रदेश में कोहरे के कारण 30 ट्रेनें प्रभावित रहीं। इसमें 19 ट्रेनें 30 मिनट से 6 घंटे तक देरी से चलीं। 11 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा

नारनौल यूनिवर्सिटी के मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया है कि 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हिमालय की ओर से चलने वाली बर्फीली हवाओं ने हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। इसके कारण नमी बढ़ने से राज्य के अधिकांश इलाकों की ऊपरी सतह पर कोहरे की सफेद चादर छाने के आसार हैं। इससे एक बार फिर से रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

डॉ. चंद्र मोहन का कहना है कि हरियाणा में 3 जनवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। 1 जनवरी को पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। हालांकि, इसका असर हरियाणा में नहीं दिखेगा। इसके असर से ठंड थोड़ी कम हो सकती है।

रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है।वहीं, मौसम विभाग ने 3 जनवरी से मौसम में बदलाव होने के संकेत दिए हैं। इस दौरान प्रदेश में कुछ इलाकों में 4 और 5 जनवरी को बारिश के आसार बन सकते हैं।

Exit mobile version