Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि से लौटी ठंड:दिन का तापमान गिरा, रात में शीत हवाएं चल रहीं, 3 दिन बाद फिर बारिश के आसार

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से एक बार फिर ठंड लौट आई है। जहां दिन का तापमान हरियाणा में 28 से 29 डिग्री के बीच था वहीं अब 22 से 24 डिग्री के बीच आ गया है। इस कारण फिर से ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विज्ञानियों ने भी एक सप्ताह तक इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

हरियाणा में सिरसा और हिसार के बालसमंद का तापमान 21 डिग्री के पास पहुंच गया है। 3 दिन पहले यह तापमान 28 डिग्री को पार कर गया था। इसके अलावा हिसार में तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 2 से 3 दिन अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी मगर रात्रि तापमान गिरना शुरू होगा। इसके बाद 26 और 27 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में दस्तक देगा जिसके कारण कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बता दें कि हरियाणा में 2 दिन पहले बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी। हरियाणा के 5 जिलों पानीपत, कैथल, जींद, करनाल और फतेहाबाद में ओले गिरे थे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के विज्ञानियों के अनुसार पहाड़ों में बर्फबारी का मैदानी इलाकों पर असर आया है। बर्फबारी से मैदान में ठंडी बढ़ी है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 26 फरवरी तक परिवर्तनशील परंतु खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान 24 फरवरी तक उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। परंतु 25 व 26 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने से राज्य में बीच-बीच में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।

Exit mobile version