Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में ठंड ने दी दस्तक:लगातार बारिश से पारा गिरा, 17 जिलों में 30 डिग्री पहुंचा तापमान, 2 जिलों में बारिश के आसार

हरियाणा में लगातार बरसात के बाद अब ठंड महसूस होने लगी है। सुबह-शाम की गर्मी नहीं रही है। इसका कारण मौसमी बदलाव भी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मंजीत सिंह का कहना है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह से मौसमी बदलाव शुरू हो जाता है, जिससे तापमान में गिरावट शुरू हो जाती है।

इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण ठंड थोड़ी जल्दी शुरू हो सकती है। इन दिनों जो ठंड महसूस हो रही है, वह सिर्फ बारिश के कारण नहीं है, यह ठंड की दस्तक भी है। प्रदेश में 17 ऐसे जिले हैं, जहां दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

मौसम में बदलाव के साथ ही घरों में एसी भी बंद होने लगे हैं। मौसम विभाग ने पंचकूला और यमुनानगर में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। हालांकि, इसे लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में अभी मानसून वापसी की तैयारी कर रहा है। 29 सितंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है।

इस दौरान मानसून हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर तेज हवाएं चलने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट तथा वातावरण में नमी की मात्रा में वृद्धि होने की भी संभावना है।

हरियाणा के मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार लगातार बारिश के कारण मौसम में ठंड जल्दी आ रही है। आमतौर पर अक्टूबर के पहले सप्ताह से ठंड शुरू हो जाती है। इस बार सामान्य से अधिक बारिश के कारण ठंड थोड़ी जल्दी आ गई है। हालांकि, सुबह और शाम को अभी भी हल्की ठंड महसूस हो रही है। दिन में अधिकांश जिलों का तापमान 35.0 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। आने वाले दिनों में करीब 1 अक्टूबर से दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी। हालांकि, यह गिरावट एक से दो डिग्री तक ही होगी।

Exit mobile version